वाराणसी। महाबोधि इंटर कॉलेज, सारनाथ में ‘नारी शक्ति वंदन’ अधिनियम के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं एवं महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा तथा सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करना और राजनीति में महिलाओं की भागीदारी को सुदृढ़ बनाना रहा।
कार्यक्रम की नोडल अध्यापिका श्रीमती विनीता चौबे ने छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनों—घरेलू हिंसा अधिनियम, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न निवारण अधिनियम एवं पॉक्सो एक्ट—की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कानूनों की जानकारी ही महिलाओं को आत्मनिर्भर और निर्भय बनाती है।
“सशक्त नारी - विकसित भारत” के संदेश को आगे बढ़ाते हुए विद्यालय में एक अनूठी पहल की गई, जिसमें छात्राओं, शिक्षिकाओं एवं महिला अभिभावकों ने मिलकर मानव श्रृंखला बनाई। यह श्रृंखला नारी शक्ति की एकजुटता, संकल्प और आत्मविश्वास का प्रतीक बनी। सभी ने नारी सम्मान, शिक्षा और समान अवसरों के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन उप-प्रधानाचार्य श्री प्रवीण कुमार श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जब नारी शिक्षित और सशक्त होगी, तभी राष्ट्र का वास्तविक विकास संभव है। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
अंत में सभी प्रतिभागियों ने नारी सशक्तिकरण की शपथ लेकर कार्यक्रम का समापन किया।